सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के पथरा उत्तर पंचायत स्थित जोल्हनियां वार्ड संख्या-3 के प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला स्थल पर नागपंचमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। माता बिषहरी एवं शिव-पार्वती मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, रोशनी और साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मेला समिति के उपाध्यक्ष सह पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार, पुअनि राजीव सिंह, पुअनि जयप्रकाश सिंह सहित पुलिस बल ने मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिये। मेला सचिव सुनील कुमार ने बताया कि नागपंचमी पर कैलाशपुरी में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु माता बिषहरी को दूध और लावा चढ़ाकर पूजा-अर्चना करते हैं। सुपौल सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। दुकानदारों के लिए चिन्हित स्थान निर्धारित किये गये हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गयी है। श्रद्धालुओं के लिए हलुआ-पूरी और सब्जी का लंगर भी लगाया जायेगा। मेला समिति और प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किये हैं। मौके पर सदानंद साह, महेश पासवान, लाल पासवान, श्रवण मंडल, राजकुमार चौधरी, अरुण प्रसाद मंडल, मो मेहदी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
#कैलाशपुरी #नागपंचमी #नागपंचमीमेला #माताबिषहरी #सुपौल #पिपरा #जोल्हनियां #पथराउत्तर #बिहार #धार्मिकमेला #SupaulDastakNews #SupaulNews #BiharNews #NagPanchami2026
विज्ञापन
विज्ञापन