सुपौल से राजेश कुमार रंजन की रिपोर्ट
प्रखंड मुख्यालय पिपरा स्थित टीसीपी भवन में सोमवार को लम्बे दिनों बाद पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कंचन कुमारी ने की जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह ईओ पंचायत समिति ने किया।बैठक में विभागों से जुड़े विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हुई। राजस्व, कृषि, बिजली और बालविकास परियोजना सहित क्षेत्र में सूखा नशा कारोबार का मुद्दा जनप्रतिनिधियों ने सदन में जोर-शोर से उठाया।समिति सदस्यों ने खाद दुकानदारों द्वारा तय राशि से अधिक रुपये लेकर खाद देने की शिकायत की। इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी सतीश चन्द्र ने बताया कि कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पिपरा के दो दुकानदारों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि एक बीघा पर एक बोरा यूरिया देने का प्रावधान है। बटेदार किसानों को आधारकार्ड के साथ आवेदन देना होगा, उन्हें भी खाद दी जा रही है। पिपरा में 82 खाद दुकान का लाइसेंस है, जिसमें 32 दुकानदारों के पास खाद उपलब्ध है। वहीं बैठक में मौजूद कनीय अभियंता मनोज कुमार ने जनप्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुप्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी उन्होंने अपने अपने क्षेत्रों और घरों में सोलर लाइट और सोलर सिस्टम लगाने की अपील की।वहीं पंचायत समिति सदस्य अमरेन्द्र यादव ने बसहा में विद्युत तार बदलवाने की मांग जोरदार तरीके से रखी। जवाब में विद्युत कनीय अभियंता पिपरा ने जल्द तार बदलवाने का आश्वासन दिया। सदस्यों ने बालविकास परियोजना पदाधिकारी से आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर संचालन में सुधार करवाने को लेकर सवाल खड़े किए। वर्षों से खाली पड़े आंगनवाड़ी सेविका के पद पर नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही गई। मुखिया प्रतिनिधि कारी प्रसाद यादव ने राजस्व संबंधी मामलों पर सवाल उठाते हुए अंचल में परिमार्जन, दाखिल-खारिज, मोटेशन से संबंधित लंबित आवेदनों के निष्पादन की मांग की। वहीं पंचायत समिति सदस्य नटवर मंडल ने विद्यालय भवन की चारदीवारी निर्माण का 8-10 माह बाद भी भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अविलंब भुगतान की मांग की। बैठक में जीविका बीपीएम कन्हैया कुमार सिंह ,थानाध्यक्ष किशोर कुमार और अन्य विभागीय पदाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे ।
#पिपरा #पिपरा_पंचायत_समिति #पंचायत_समिति_बैठक #सुपौल #सुपौल_न्यूज #पिपरा_न्यूज #बिहार_न्यूज #पंचायत_समिति #सूखा_नशा #नशा_कारोबार #खाद_कालाबाजारी #कृषि_विभाग #यूरिया_खाद #प्रधानमंत्री_सूर्य_घर_योजना #सोलर_योजना #बिजली_समस्या #आंगनबाड़ी #राजस्व_विभाग #दाखिल_खारिज #परिमार्जन #विद्यालय_भवन #स्थानीय_समाचार #SupaulDastak #SupaulNews #PipraNews #BiharNews
विज्ञापन
विज्ञापन