Rajesh Kumar Ranjan / Tue, May 26, 2026 / Post views : 110
सुपौल, 26 मई 2026
ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2026 पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर आज समाहरणालय, सुपौल स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सुपौल श्री सावन कुमार, भा०प्र०से० ने की।
बैठक में ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष ईद-उल-जोहा (बकरीद) का पर्व दिनांक 28 मई 2026 को मनाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को पर्व के दौरान सतर्क एवं चौकस रहने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे। जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया तथा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु प्रशासन से आवश्यक चौकसी बरतने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, सुपौल ने संयुक्त रूप से सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में मनाया जाएगा।
उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन