सुपौल दस्तक न्यूज,सुपौल/बिहार
सुपौल के माननीय सांसद श्री दिलेश्वर कामैत की अध्यक्षता में बुधवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे से सुपौल सदर प्रखण्ड स्थित बुनियाद केन्द्र परिसर में आयोजित सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 70 से अधिक दिव्यांगजनों को एडिप योजनान्तर्गत सहायक उपकरण वितरित किए गए। ज्ञात हो कि एडिप योजना केन्द्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित एक योजना है, जिसके अंतर्गत सरकारी कम्पनी एलिम्को के माध्यम से दिव्यांगजनों की सामाजिक जीवन में बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग, बैशाखी, स्मार्ट केन, विशेष शिक्षण एवं अन्य सहायक उपकरण दिए जाते हैं।
माननीय सांसद महोदय के साथ-साथ उप विकास आयुक्त, सुपौल, श्री इन्द्रवीर कुमार, सहायक निदेशक दिव्यांगजन एवं अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वितरण के पूर्व दिव्यांगजनों को संबोधित अपने भाषण में माननीय सांसद महोदय ने दिव्यांगजनों के लिए केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए यह संदेश दिया कि दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आज के वितरण सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद उपस्थित नहीं हो सकने वाले दिव्यांगजनों के लिए उन्होंने यह संदेश दिया कि वे अपनी सुविधानुसार कभी भी बुनियाद केन्द्र आकर अपना उपकरण प्राप्त कर सकते हैं।
इस वितरण कार्यक्रम में सुपौल के माननीय सांसद दिलेश्वर कामैत, उप विकास आयुक्त, सुपौल श्री इन्द्रवीर कुमार, प्रभारी सहायक निदेशक, दिव्यांगजन श्री दिवेश कुमार शर्मा, एलिम्को के प्रतिनिधि श्री नन्दन यादव के साथ-साथ जदयू जिलाध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्र0 यादव, श्री अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान बाबू, श्री रामचन्द्र यादव, मो0 खुर्शीद आलम, श्री अजय कु0 यादव, श्री शम्भू यादव एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
#Supaul #SupaulNews #SupaulDastak #DileshwarKamait #दिव्यांगजन #एडिपयोजना #सहायकउपकरण #बिहारसमाचार #ALIMCO #ADIPScheme
विज्ञापन
विज्ञापन