50 वर्ष पुरानी खरीदी जमीन को लेकर विवाद, महिला ने प्रशासन से लगाई निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग
राजेश कुमार रंजन, संपादक, सुपौल दस्तक अखबार
सुपौल। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के शाहपुर पृथ्वीपट्टी गांव में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार की वर्षों पुरानी खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
पीड़िता रेणु देवी के अनुसार, उनके ससुर महेंद्र साह ने लगभग 50 वर्ष पूर्व एक महादलित परिवार से जमीन खरीदकर उसका दाखिल-खारिज कराया था और तब से परिवार उस जमीन पर खेती करता आ रहा है। उनका दावा है कि जमीन से संबंधित कबाला, रसीद सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं।
महिला का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से कुछ लोग उक्त जमीन पर अपना दावा जताते हुए खेती में बाधा पहुंचा रहे हैं। उनका कहना है कि जब भी उनका परिवार खेत में धान की रोपाई करता है, फसल को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। विरोध करने पर मारपीट, धमकी और जानलेवा हमले का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने बताया कि एक घटना में उन्हें सिर में चोट लगी, जबकि उनके बेटे के हाथ में गंभीर चोट आई। साथ ही ट्रैक्टर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
रेणु देवी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनके परिवार के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि उनके पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी 65 वर्षीय सास को भी मामले में नामजद किया गया है।
पीड़िता ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अंचल अधिकारी एवं भपटियाही थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई तथा जमीन विवाद का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
(नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रशासन को दिए गए आवेदन पर आधारित है। मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष एवं प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट आना शेष है।)
अधिक स्थानीय और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ें: Supaul Dastak News | www.supauldastaknews.com
विज्ञापन
विज्ञापन