मधेपुरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जिले के मॉडल अस्पताल में एक महिला डॉक्टर द्वारा मरीज के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र के महर्षि मेही नगर, वार्ड संख्या 5 निवासी मनीष कुमार की पत्नी प्रियंका प्रिया ने मामले को लेकर जिलाधिकारी और स्वास्थ्य मंत्री को आवेदन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह दो माह की गर्भवती हैं। पेट दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने पर इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंची थीं। उनका कहना है कि इलाज के दौरान हालत में सुधार नहीं हुआ। जब परिजनों ने इसकी जानकारी वहां मौजूद महिला डॉक्टर शिखा कुमारी जो कि अपने चैंबर में सोई हुई थी, को दी तो आरोप है कि उन्हें एक निजी अस्पताल में इलाज कराने का दबाव बनाया। जो कि अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार की पत्नी का है।
परिजनों का कहना है कि विरोध करने पर डॉक्टरों ने अभद्र व्यवहार किया और मरीज का पुर्जा तक छीन लिया। इस दौरान महिला डॉक्टर के गाली-गलौज करने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़िता के अनुसार तबीयत लगातार बिगड़ती देख परिजन उन्हें तुरंत मिशन अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के बाद उनकी और गर्भ में पल रहे शिशु की जान बच सकी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है और जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइट - प्रियंका प्रिया, पीड़िता
विज्ञापन
विज्ञापन